लोकसभा में राहुल गांधी के 'इडियट' और 'अंधभक्त' बोलते ही मचा हंगामा, भारी बवाल, स्पीकर ने दिया बड़ा निर्देश

राहुल गांधी के भाषण के दौरान जैसे ही "इडियट" शब्द आया, भाजपा सांसदों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू समेत कई सांसदों ने इसे असंसदीय बताते हुए आपत्ति दर्ज कराई और मांग की कि ऐसे शब्दों को सदन की कार्यवाही से हटाया जाए।

Rahul Gandhi
Rahul Gandhi- फोटो : news4nation

Rahul Gandhi : संसद के मानसून सत्र के दौरान बुधवार को लोकसभा में पेपर लीक से जुड़े 'पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026' पर चर्चा के बीच उस समय जोरदार हंगामा हो गया, जब विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपने भाषण में एक छात्रा के हवाले से 'इडियट' और 'अंधभक्त' शब्दों का इस्तेमाल किया। राहुल गांधी के इस बयान पर सत्ता पक्ष के सांसदों ने कड़ी आपत्ति जताई, जिसके बाद सदन में शोर-शराबा शुरू हो गया।


पेपर लीक विधेयक पर बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश के युवा सड़कों पर इसलिए उतरे क्योंकि उन्हें अपने भविष्य की चिंता है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों के मन में नफरत नहीं थी, बल्कि वे अपनी आवाज लोकतांत्रिक तरीके से उठा रहे थे। राहुल ने कहा कि देश के युवाओं का सम्मान किया जाना चाहिए क्योंकि वही देश का भविष्य हैं।

Diarch GO


छात्रा से बातचीत का किया जिक्र

अपने संबोधन के दौरान राहुल गांधी ने एक छात्रा से हुई बातचीत का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि छात्रा ने उन्हें बताया कि "असली छात्र खुले विचार और खुले दिल वाले होते हैं। वे जानते हैं कि दुनिया और ज्ञान लगातार बदल रहा है।" इसके बाद राहुल गांधी ने कहा कि छात्रा ने एक दूसरी श्रेणी के लोगों का जिक्र करते हुए उन्हें "इडियट" बताया, क्योंकि वे किसी की बात सुनना नहीं चाहते और खुद को ही सही मानते हैं। राहुल ने आगे कहा कि जब उन्होंने छात्रा से तीसरी श्रेणी के बारे में पूछा तो उसने जवाब दिया कि "अंधभक्त वे होते हैं, जो मूर्ख को भगवान मान लेते हैं और उसका अंधानुकरण करते हैं।"


सत्ता पक्ष ने जताई कड़ी आपत्ति

राहुल गांधी के भाषण के दौरान जैसे ही "इडियट" शब्द आया, भाजपा सांसदों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू समेत कई सांसदों ने इसे असंसदीय बताते हुए आपत्ति दर्ज कराई और मांग की कि ऐसे शब्दों को सदन की कार्यवाही से हटाया जाए। लोकसभा अध्यक्ष ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि यदि कोई शब्द असंसदीय होगा तो उसे कार्यवाही से हटा दिया जाएगा। इस पर राहुल गांधी ने कहा कि यदि "इडियट" शब्द पर आपत्ति है तो वे उसकी जगह दूसरा शब्द इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि स्पीकर ने कहा कि इस पर व्यवस्था दी जा चुकी है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

NSIT
Nsmch


पेपर लीक पर सरकार को घेरा

राहुल गांधी ने अपने भाषण में कहा कि छात्र वर्षों तक मेहनत करके प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं और शिक्षा पर भारी खर्च करते हैं। ऐसे में पेपर लीक जैसी घटनाएं उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। उन्होंने सरकार से युवाओं की आवाज सुनने और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की मांग की। राहुल गांधी के बयान के बाद लोकसभा में कुछ देर तक हंगामा चलता रहा। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। वहीं सरकार की ओर से विधेयक को छात्रों के हित में बताते हुए इसे परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने की दिशा में अहम कदम बताया गया।